राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए मध्यप्रदेश की महिला शतरंज टीम का चयन
उज्जैन - मध्यप्रदेश एडहॉक कमेटी और उज्जयिनी जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वाधान में उज्जैन में पहली बार म.प्र. सीनियर वुमेन चेस कॉम्पिटिशन का आयोजन किया गया। इस महिला शतरंज स्पर्धा की खासियत यह थी कि इसमें आर्बिटर टीम भी महिलाएं ही थीं। इस शतरंज स्पर्धा के माध्यम से मध्यप्रदेश महिला शतरंज टीम का चयन किया गया। अब ये महिला शतरंज खिलाड़ी अक्टोबर में होने वाली राष्ट्रीय शतरंज स्पर्धा में भाग लेंगी।
भारतीय ज्ञानपीठ परिसर में आयोजित शतरंज स्पर्धा का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तहसीलदार रूपाली जैन थीं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में चीफ आर्बिटर एफए कंचना चौधरी, भोपाल, डेप्यूटी चीफ आर्बिटर एफए नागालक्ष्मी नारापुरम, जबलपुर, आर्बिटर एसएनए हिमानी बजाज, कटनी उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि रूपाली जैन ने सभी शतरंज खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार जीत का कोई महत्व नहीं होता, खेल में भागीदारी करना बड़ी बात है। सुश्री जैन ने एक कहानी के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर एक व्यक्ति में कोई ना कोई गुण खास होता है, जो उसे औरों से अलग बनाता है। माता-पिता को भी अपने बच्चों के गुणों को पहचानकर उनके भविष्य निर्माण में सहयोग करना चाहिए।
दो दिवसीय स्पर्धा में 33 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 7 साल से 50 साल तक की महिला शतरंज खिलाड़ी शामिल हुई। स्पर्धा में प्रथम स्थान इंदौर की वर्षिता जैन ने प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर भोपाल की कनिष्का चौधरी, तीसरे स्थान पर इंदोर की सेरा डागरिया रहीं और चौथा स्थान इंदौर की तनवी चाण्डक ने बनाया। ये चारों खिलाड़ी अक्टोबर में होने वाली नेशनल स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इसी तरह अंडर 7 वर्ग में रूतवी कुलकर्णी प्रथम, अलंकृति श्रीवास्तव द्वितीय रहीं। अंडर 11 वर्ग में ईरा परमार प्रथम, रिद्धिमा भावसार द्वितीय, द्विशा कुलकर्णी तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर 15 वर्ग में चारवी मेहता प्रथम, अनुषा दिवी द्वितीय, श्रेया सिनरकर तीसरे स्थान पर रही। स्पर्धा में मदर्स केटेगरी में बेस्ट मॉम कविता जड़िया रहीं। स्पर्धा में सभी विजेता खिलाड़ियों को कुल 11000 रूपए के नकद पुरस्कार व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
अतिथियों का स्वागत भारतीय ज्ञानपीठ की खेल अधिकारी श्रीमती विवेचना क्षीरसागर और श्रीमती पाटीदार द्वारा किया गया। मचं से स्वागत भाषण जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष श्री संदीप कुलश्रेष्ठ ने दिया। दो दिवसीय स्पर्धा को सुचारू रूप से संचालित करने में श्री महावीर जैन, सचिव, श्री रमेशचंद्र शर्मा, सूरजभान सिंह चंदेल, सुमित व्यास ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती प्रियंका शिवालकर ने किया।