सिंहस्थ 2028:देवासगेट बस स्टैंड को मल्टीलेवल ट्रांजिट हब बनाएंगे, यहां सभी प्रकार के वाहन उपलब्ध होंगे
सिंहस्थ 2028 के लिए शहर में कई तरह की तैयारियां शुरू होने जा रही है। इस बार मेले में करीब 14 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। शहर में आवागमन के लिए मुख्य रूप से रेल व सड़क परिवहन प्रमुख माध्यम है। इसे ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन देवासगेट बस स्टैंड का विस्तार करते हुए इसका पुनर्निर्माण करवाने जा रहा है। इस बस स्टैंड को मल्टीलेवल ट्रांजिट हब के रूप में बनाया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के विषय विशेषज्ञ इसके िलए डिजाइन तैयार कर रहे हैं। पहले ये कार्य नगर निगम के तकनीकी अधिकारी करने जा रहे थे लेकिन अब इसका जिम्मा स्मार्ट सिटी ने लिया है। तय किया है कि बस स्टैंड को महानगर की तर्ज पर हाईटेक बनाया जाएगा। एक अनुमान के हिसाब से करीब 70 से 80 करोड़ तक का खर्च इस प्रोजेक्ट में आने की बातें कही जा रही है। गौरतलब है वर्तमान में देवासगेट बस स्टैंड का भवन जर्जर हालात में है। इसे तोड़कर सर्वसुविधा युक्त व हाईटेक नया भवन बनाया जाएगा।
डिजाइन तैयार करवाई जा रही
^सिंहस्थ के मद्देनजर देवासगेट बस स्टैंड को मल्टीलेवल ट्रांजिट हब के रूप में बनाएंगे। इसके लिए डिजाइन तैयार करवाई जा रही है। ये हाईटेक हब 3-4 मंजिला हो सकता है। जहां यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। लागत करीब 70 से 80 करोड़ तक आने का अनुमान है।