आज सेवानिवृत्त हो रहे पीआरओ निज़ामी का ऐतिहासिक है 44 वर्षीय कार्यकाल अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर निगम का नाम रोशन किया
उज्जैन: आज सेवा निवृत्त हो रहे नगर निगम जन सम्पर्क अधिकारी श्री अहमद रईस निज़ामी का 44 वर्षीय कार्यकाल यादगार हो कर प्रदेश में ऐसा दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।
1980 में नगर निगम से संबद्ध हुए निज़ामी ने नगर निगम के अनेक विभागों में अपनी सेवाएं दी हैं। निगम के शिल्पज्ञ विभाग, नगर निवेश, स्टोर विभाग, प्रकाश विभाग सहित निगम अध्यक्ष के निज सचिव और फिर जन सम्पर्क अधिकारी के रूप में आपने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। 44 साल की सर्विस के दौरान 35 साल नगर निगम की सांस्कृतिक गतिविधियों में निज़ामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कलम और ज़बान से सेवा
एक शासकीय सेवक के रूप अपने पदीय कर्तव्य निभाने के साथ ही निज़ामी ने एक स्थापित साहित्यकार की हैसियत से निगम की विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्टिंग, समाचार लेखन और निगम के विभिन्न आयोजनों के संयोजन एवं संचालन में अपनी कलम और ज़बान का भरपूर उपयोग करते हुए शासन की योजनाओं और निगम के कार्यों को जन जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम संचालन के दौरान शेरो शायरी के साथ प्रभावी प्रस्तुतिकरण ने निज़ामी को सदैव लोकप्रिय रखा।
निगम को अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान
निज़ामी ने निगम सेवा के दौरान जर्मनी, लंदन, दुबई, शारजाह, अबुधाबी, बेहरीन, कराची, सऊदी अरब के जद्दा, रियाद, मदीना शरीफ इत्यादि विभिन्न देशों में आयोजित 33 अंतरराष्ट्रीय आयोजनों कवि सम्मेलन मुशायरों में भारत का प्रतिनिधित्व कर उज्जैन के प्रथम अन्तर्राष्ट्रीय साहित्यकार होने का सौभाग्य प्राप्त कर एक नया इतिहास रचा, जिससे नगर निगम को भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, अनेक केंद्रीय और राज्य के मंत्रीगण, तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में विभिन्न आयोजनों की व्यवस्था और मंच संचालन निज़ामी की विशेषताओं में से है।
अनेक विशेषताओं के साथ चौतरफा भूमिका निभाने वाले निज़ामी जैसा दूसरा कोई अधिकारी संपूर्ण मध्यप्रदेश के किसी शासकीय विभाग में दिखाई नहीं देता। नगर निगम भी इस ऐतिहासिक व्यक्तित्व को भुला नहीं सकेगी।
निगम के जन प्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण ने निज़ामी से मिलकर उनके साथ बिताए समय को सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक और आत्मीयतापूर्ण परस्पर सम्मान के साथ कार्य संचालन वाला समय निरूपित करते हुए उन्हें भविष्य के शुभ कामनाएं प्रेषित की हैं।