आकाशीय नजारों को देखने पहुंच रहे स्कूली बच्चे, किताबों में पढ़ी चीजें देख रोमांचित हुए विद्यार्थी
उज्जैन - शासकीय जीवाजी वेधशाला में शहर के तमाम विद्यार्थियों ने पहली बार टेलिस्कोप के जरिए आकाशीय पिंडों को देखा। सोमवार शाम 6 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आर.पी. गुप्त के नेतृत्व में बच्चों को 8 इंच के टेलिस्कोप से चंद्रमा की सतह पर मौजूद गड्ढों और पहाड़ों का अवलोकन कराया गया। साथ ही सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति और उसके उपग्रहों, सुंदर छल्लों से सजे शनि ग्रह, लाल आभा वाले मंगल ग्रह और विभिन्न कलाओं में शुक्र ग्रह को भी दिखाया गया। आपको बता दें कि यह अवलोकन शिविर 7 फरवरी तक रोजाना शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा।
विद्यार्थियों ने बताया कि, जिन ग्रहों और चंद्रमा के बारे में वे अब तक सिर्फ सुनते आए थे औउ उनके बारे में केवल किताबों में पढ़ते थे, उन्हें आज प्रत्यक्ष देखकर एक अद्भुत अनुभव मिला। इस दौरान बच्चों को सौर मंडल से जुड़ी विस्तृत जानकारियां भी दी गईं।