राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियाँ की जायेंगी साझा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 13 दिसम्बर को मध्यप्रदेश सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भोपाल संभाग में 630 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया जायेगा। भोपाल, सीहोर एवं रायसेन से युवाओं की रातापानी अभयारण से लेकर नगर के गोलजोड़ तक बाइक रैली आयोजित की जायेगी। राज्य सरकार द्वारा अपने कार्यकाल के पिछले एक वर्ष में जन-हितकारी कार्यों एवं उपलब्धियों पर प्रदर्शनी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर लगाई जायेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 2025 में आयोजित होने जा रहे इंडस्ट्रीज कान्क्लेव के "लोगो" का अनावरण एवं थीम लांच की जायेगी। मध्यप्रदेश पुलिस के बैंड द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जायेगी।
सोलह दिन तक चलने वाले जन-कल्याण पर्व में ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल, सागर, पचमढ़ी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। नदी जोड़ो अभियान, वन मेले, पुलिस बैंड की प्रस्तुति, ग्वालियर में तानसेन समारोह तथा कन्वेशन सेंटर का लोकार्पण एवं अक्षय पात्र जैसी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। साथ ही राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों को प्रदेशवासियों के साथ साझा किया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री डॉ. राजेश राजौरा ने अभियान एवं पर्व पर किये जाने वाले कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में वर्चुअल शामिल हुए उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल, श्री जगदीश देवड़ा, श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं अन्य जन-प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर सांसद श्री वी.डी. शर्मा, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, डीजीपी श्री कैलाश मकवाना सहित संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव उपस्थित थे। उज्जैन से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।