उज्जैन में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
उज्जैन में आज से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
मनोज मुंतशिर प्रस्तुत करेंगे 'नारायण मिल जायेंगे'
उज्जैन, 07 दिसंबर 2024। उज्जैन में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर ख्यात गीतकार मनोज मुन्तशिर शुक्ला गीता संवाद: नारायण मिल जायेंगे को प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा इस महोत्सव में गौ एवं गोपाल तथा श्रीमद्भागवत पुराण आधारित चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित होगी। महाराजा विक्रमादित्यत शोधपीठ द्वारा आयोजित यह महोत्सव 12 दिसंबर 2024 तक कालिदास संस्कृ्त अकादमी परिसर में आयोजित होगा।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया गीता जयंती के अवसर पर संपूर्ण मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस पाँच दिवसीय महोत्सव के पहले दिन ख्यात गीतकार मनोज मुंतशिर शुक्ला का गीता संवाद: नारायण मिल जायेंगे को प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद सुमन साहा(कोलकाता) निर्देशित गुरू दक्षिणा जो श्रीकृष्ण -गुरू सांदीपनि के आख्यान आधारित महानाट्य का मंचन होगा।
कल की प्रस्तुति कृष्णायन
उन्होंने बताया कि महोत्सव में 9 दिसंबर को संजीव मालवीय निर्देशित महानाट्य कृष्णायन की प्रस्तुति होगी। 10 दिसंबर को प्रात: 10 बजे गीता आधारित प्रतियोगिताएँ होगी, इसी क्रम में 11 बजे से श्रीमद्भगवद् गीता आधारित संगोष्ठी का आयोजन होगा जिसमें देश-विदेश के विषय विशेषज्ञ अपना वक्तव्य देंगे। सांस्कृतिक संध्या में गायिका सुश्री कलापिनी कोमकली श्रीकृष्ण पर केन्द्रित भजन प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद श्री कुमार शर्मा एवं दल द्वारा श्रीकृष्ण: अनेक नाम-अनेक धाम नृत्य नाटिका को प्रस्तुत करेंगे।
गीता जयंती 11 दिसंबर को प्रवचन, 5108 आचार्यों द्वारा गीता पाठ, मोटिवेशनल स्पीकर श्री विवेक बिन्द्रा की मोटिवेशनल स्पीच, श्रीमद्भगद्गीता एवं मूल्य आधारित शिक्षा प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण, श्रीगणेश गीता, श्रीराम गीता, श्रीदेवी गीता, श्रीशिव गीता, श्रीयम गीता, भारतीय ज्ञान परम्परा के विविध आयाम, समय का भारतीयकरण पुस्तकों एवं श्रीमद्भागवद् गीता पाठ पर आधारित वीडियो का लोकार्पण, सुदर्शन चक्र की संगीतमय यात्रा- श्रीकृष्ण गाथा नृत्य नाट्य की प्रस्तुति होगी। 12 दिसंबर को प्रातः 8.00 बजे से सम्पूर्ण गीता पाठ एवं यज्ञ किया जायेगा।
भोपाल में विश्व रिकार्ड बनाने श्रीमद्भगवद् गीता का सस्वर पाठ
शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया 11 दिसंबर को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में श्रीमद्भगवद् गीता के कर्मयोग अध्याय का आचार्यों द्वारा विश्व रिकार्ड बनाने सस्वर पाठ किया जायेगा। सांस्कृतिक संध्या में साधो बैण्ड एवं दल द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। इसके अलावा पर्यटकों/शोधार्थियों के लिये प्रदेश के होटलों में श्रीमद्भगवद् गीता, वाल्मीकि रामायण और रामचरितमानस की एक-एक प्रतियाँ रखे जाने की पहल की जायेगी।
इंदौर में स्वस्ति मेहुल की सांगीतिक प्रस्तुति
इंदौर के लता मंगेशकर सभागार, पुराना राजेन्द्र नगर में गायिका स्वस्ति मेहुल एवं दल, मुंबई श्रीकृष्ण आधारित गीतों को प्रस्तुत करेंगी।