कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान जिला महाअभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की आयुष्मान जिला महाअभियान में 07 व 08 दिसंबर को वृध्दजनों व श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बनाए जाएंगे
उज्जैन- कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने गुरूवार शाम कलेक्टर कार्यालय सभागृह में बैठक लेकर आयुष्मान जिला महाअभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि आयुष्मान जिला महाअभियान 70 वर्ष व उससे अधिक आयु के वृध्दजनों व कर्मकार मण्डल के श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड सुगमतापूर्वक बनाने के लिए चलाया जा रहा है। आयुष्मान जिला महाअभियान 07 व 08 दिसंबर को प्रात:09 बजे से शाम 06 बजे तक चलाया जाएगा। अभियान में जिले के नगरीय क्षेत्रों की सभी 375 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर वृध्दजनों के विशेष आयुष्मान कार्ड व श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। वृध्दजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने में आधार डेटा अपडेट करने के लिए नगर निगम के 6 झोन कार्यालयों में आधार बायोमैट्रिक डाटा अपडेट करने की सुविधा रहेगी। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि बीएलओ, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता की लोकल मोबलाईजेशन टीमें आज से 08 दिसंबर तक घर-घर जाकर हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रेरित करेंगी। आयुष्मान जिला महाअभियान का प्रचार प्रसार जनसंपर्क कार्यालय व नगर निगम द्वारा किया जाएगा। निगम की कचरा गाड़ियां, होर्डिंग्स, पेम्पलेट्स व सोशल मीडिया अभियान की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाएंगे। इसी के साथ उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों पर वृध्दजनों व श्रमिकों की सुविधा के लिए विद्युत, पानी, कुर्सी, व्हीलचेयर, रेम्प, आंगनवाड़ियों के शौचालयों की साफ सफाई, अभियान में कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था, वृध्दजनों की सहायता के लिए एनसीसी केडेट्स तथा परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित जिला एवं नोडल अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान की प्रगति की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रत्येक 02 घण्टे में कार्य प्रगति की जानकारी भेजने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जयति सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक, एडीएम श्री अनुकूल जैन, सीएमएचओ श्री अशोक पटेल, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास व अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।