बेटी और बहनों की सुरक्षा एवं सम्मान, समाज के हर व्यक्ति की है जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उज्जैन- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए संचालित किए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान "हम होंगे कामयाब" पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जारी अपने संदेश में कहा है कि हमारी बेटियों और बहनों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। बेटियों और बहनों की सुरक्षा और सम्मान केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस दृष्टि से सोमवार से 10 दिसम्बर तक "हम होंगे कामयाब" पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। इसमें पुरूष वर्ग की भूमिका ज्यादा अहम है। पुरूष अपनी सोच और व्यवहार में बदलाव लाकर समाज में फैले नकारात्मक दृष्टिकोण को चुनौति दे सकते हैं, जो महिलाओं के प्रति हिंसा का मुख्य कारण है।