दृढ़ निश्चय से ही सफलता मिलती है: अजय आंजना
उज्जैन- बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्र भारती विद्यालय में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले आर्म रेसलर अजय आंजना ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिया। रत्नाखेड़ी, उज्जैन के निवासी अजय आंजना ने हाल ही में मुंबई में आयोजित एशियन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर उज्जैन का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र अजय आंजना ने कहा कि दृढ़ निश्चय और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में माता-पिता और गुरु का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके अनुसार, जीवन में सफलता पाने के लिए अपने सपनों के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
अजय आंजना ने इस बात पर बल दिया कि उज्जैन जैसे छोटे शहर से भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है, बशर्ते आप अपने सपनों को लेकर संजीदा और प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कहा कि उज्जैन की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकती हैं, अगर उन्हें सही दिशा में मेहनत करने का संकल्प लिया जाए।
स्वागत उद्बोधन विद्यालय की प्राचार्य मयूरी वैरागी ने किया।अतिथि स्वागत में राष्ट्र भारती महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रश्मि शर्मा ने किया। संचालन श्रीमती यशस्विनी निगम ने किया और आभार श्रीमती अमिता पंड्या ने दिया। विद्यालय की प्राचार्या मयूरी वैरागी ने इस प्रेरणादायक आयोजन की जानकारी दी और अजय आंजना की उपलब्धियों को उज्जैन के युवाओं के लिए एक प्रेरणा बताया।