अंकपात द्वार से खाक चौक से आगे तक मार्ग को कर सकते हैं चौड़ा
अंकपात द्वार से खाकचौक के आगे तक (श्री सांदीपनि आश्रम व मंगलनाथ मंदिर) मार्ग को और भी चौड़ा किया जा सकता है। गुरुवार को संभागायुक्त संजय गुप्ता व आईजी संतोषकुमार सिंह ने इस मार्ग का निरीक्षण कर चौड़ीकरण करने के साथ ही डिवाइडर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
दरअसल संभागायुक्त व आईजी सांदीपनि आश्रम पहुंचे थे। यहां उन्होंने दर्शन किए। सिंहस्थ के दौरान पेशवाई के इस रूट के बारे भी उन्हें बताया गया। इस पर अधिकारियों ने हाथोंहाथ मार्ग का निरीक्षण कर इसके विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश लोनिवि के अधिकारियों को दिए, ताकि सिंहस्थ 2028 में भीड़ प्रबंधन में परेशानी नहीं आए। संभागायुक्त व आईजी ने अधिकारियों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के तहत सांदीपनि आश्रम व मंदिर में की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त चौंसठ कला दीर्घा, गोमती कुंड का अवलोकन भी किया गया।