स्पीक मैके के आयोजन में सुश्री नम्रता मेहता की आज से ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति
उज्जैन- युवा पीढ़ी को भारतवर्ष की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए संस्था स्पीक मैके निरंतर प्रयासरत है। इसी तारतम्य में स्पीक मैके एवं संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय ओडिसी कार्यशाला प्रदर्शन में मुंबई की ख्यातनाम ओडिसी नृत्यांगना नम्रता मेहता बुधवार से उज्जैन जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में अपनी प्रस्तुति देंगी। स्पीक मैके के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि नम्रता मेहता मुंबई स्थित ओडिसी नृत्य गुरु श्रीमती दक्षा मशरूवाला की वरिष्ठ शिष्य हैं। नम्रता अपनी पीढ़ी की बेहतरीन नृत्यांगनाओं में से एक हैं, जो बीस वर्षों से अधिक समय से अपने नृत्य के लिए समर्पित हैं। भारत और विदेशों के विभिन्न प्रतिष्ठित समारोहों में उनके प्रदर्शनों को दर्शकों द्वारा सराहा गया है। नम्रता को ओडिसी नृत्य में प्रतिष्ठित गुरु केलुचरण महापात्र युवा प्रतिभा पुरस्कार 2017 से सम्मानित भी किया गया है। बुधवार को सुश्री नम्रता की प्रथम प्रस्तुति शासकीय माध्यमिक विद्यालय निनोरा में प्रातः 11:15 बजे एवं द्वितीय प्रस्तुति दोपहर 1 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंथपिपलाई इंदौर रोड पर होगी।