रक्षा बंधन पर 5 घंटे का विशेष मुहूर्त
उज्जैन - सावन के अंतिम व पांचवे सोमवार 19 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि योग, शोभन योग, रवि योग और श्रावण नक्षत्र का दुर्लभ संयोग बन रहा है। इन सभी योगों को बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसा दुर्लभ संयोग 90 साल बाद बना है, जिसका शुभ प्रभाव कई राशियों पर पड़ेगा। ग्रह-नक्षत्रो का यह अद्भुत संयोग भाई बहन के रिश्ते को और मजबूत करेगा। 19 अगस्त को सुबह से लेकर रात में 8 बजकर 40 मिनट तक सर्वार्थ सिद्धि योग और रवियोग है। सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए सभी कार्यों में सिद्धियां प्राप्त होती हैं।
दोपहर तक रहेगी भद्रा
इस बार रक्षाबंधन का पर्व 19 अगस्त सोमवार को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन तड़के 3 बजकर 4 बजे से भद्रा भी लग जाएगी, जो दोपहर 1 बजकर 29 मिनट तक उपस्थित रहेगी। भद्रा की सामाप्ति के बाद रक्षा सूत्र बांधना शुभकारी होगा।
राखी बांधने का शुभ समय
धर्म के जानकारों के अनुसार 19 अगस्त सोमवार को दोपहर 1 बजकर 30 मिनट से शाम 7 बजे तक, 5 घंटे का विशेष मूहर्त रहेगा। इसके अलावा शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजकर 25 मिनट तक रक्षासूत्र बांधने के लिए समय शुभ रहेगा। इस शुभ समय में रक्षासूत्र बांधने से भाई दीर्घायु के साथ साथ ऐश्वर्यवान भी बनेंगे।