भस्मारती में श्रीराम स्वरूप के दर्शन, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी
प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह महाकाल मंदिर में भी है। भस्म आरती में भगवान महाकाल का श्रृंगार श्रीराम के स्वरूप में किया गया। इस दौरान प्रभु श्रीराम, जानकी और लक्ष्मण जी की प्रतिमा को महाकाल के गर्भ गृह में विराजित कर आतिशबाजी की गई। मंदिर समिति ने भगवान महाकाल और प्रभु राम के साथ भक्तों पर पुष्प वर्षा की।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को तड़के भस्म आरती के दौरान चार बजे मंदिर के पट खुले। पंडे - पुजारी ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया। भगवान राम का भी पूजन अभिषेक किया गया।प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर श्रृंगार किया गया। श्रृंगार पूरा होने के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्मी रमाई गई। भगवान महाकाल का भांग, सूखे मेवों, चंदनख् आभूषण और फूलों से राजा राम चंद्र के स्वरूप में श्रृंगार किया गया।