महाकाल दर्शन कर अयोध्या रवाना हुआ संत महात्माओं का दल
उज्जैन। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार सुबह विभिन्न अखाड़ों से जुड़े संत-महात्माओं ने जय महाकाल, जय श्री राम के उद्घोष के साथ चौपहिया वाहनों से रवाना हुए। इसके पहले सभी संत महात्माओं ने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल के दर्शन पूजन किया।
भगवान श्री महाकाल की नगरी से विभिन्न अखाड़ों के संत महात्मा का दल शुक्रवार को सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचा था। यहां पर मंदिर के गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल का सभी संतों ने पूजन अभिषेक किया। इसके बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े में सभी साधु संतों का पुष्पमाला पहनाकर लाल बाबा ने स्वागत किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर अतुलेशानंद सरस्वती महाराज आचार्य शेखर ने कहा कि 500 साल के युद्ध के बाद लाखों सनातनियों ने संघर्ष कर अपना बलिदान दिया है। आज राम जी का मंदिर बनने जा रहा है। भगवान राम विराजित होंगे। पूरे देश में हर्षोल्लास से दीपावली की तरह मनाया जा रहा है। उज्जैन से सभी साधु संत अयोध्या के लिए प्रस्थान कर रहे है। आज भगवान महाकाल से प्रार्थना की है कि पूरा भारत सनातनी हो। पूरा विश्व सनातनी हो और रामराज्य पूरे विश्व में व्याप्त हो।
यह संत महात्मा अयोध्या हुए रवाना
शुक्रवार को सुबह अयोध्या प्रस्थान करने वाले संत महात्माओं में महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत विनीत गिरी महाराज, महामंडलेश्वर अतुंलेशानंद सरस्वती महाराज आचार्य शेखर, आनंद चेतन दास महाराज, बालयोगी उमेश नाथ महाराज, पीर योगी भर्तृहरी गुफा के गादीपति रामनाथ महाराज, राधे राधे महाराज सहित अन्य संत शामिल है। सभी संत महात्मा पांच चौपहिया वाहनों से अयोध्या पहुंचेंगे।