1121 बड़े बॉक्स में लड्डुओं को कंटेनरों में चढ़ाया, अयोध्या में प्रसाद स्वरूप बंटेगा
अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा अवसर पर श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति द्वारा 5 लाख लड्डू प्रसाद स्वरूप अयोध्या भेजे जा रहे हैं। प्रबंध समिति के अनुसार लड्डू प्रसाद बेसन, रवा, शुद्ध घी और सूखे मेवों से बनाया जा रहा है। लड्डू प्रसाद निर्माण के लिए अतिरिक्त कारीगरों व कर्मचारियों को लगाया है। लड्डुओं को पैकेट में पैक कर अयोध्या भेजा जाएगा। एक लड्डू का वजन लगभग 50 ग्राम है।
इसके लिए गुरुवार को 5 कवर्ड कंटेनर में लड्डू के बॉक्स को लोड किया गया। गुरुवार देर रात यह कंटेनर रवाना हुए। कंटेनर भोपाल जाएंगे। इसके बाद अयोध्या रवाना किया जाएगा। प्रत्येक लड्डू प्रसाद को अलग-अलग बॉक्स में रखा है। एक बड़े बॉक्स में 448 छोटे प्रसाद के बॉक्स रखकर इनकी पैकिंग की गई है। बड़े बॉक्स की संख्या लगभग 1121 है।
भस्म, शंख और बिल्व लेकर रवाना हुए मुख्य पुजारी
इधर, श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा भी श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण प्राप्त होने के बाद गुरुवार शाम विशेष राम रथ से अयोध्या के लिए रवाना हुए। महाकाल मंदिर के बाहर रथ का वैदिक मंत्रोच्चार कर पूजन किया गया। पं. शर्मा अपने साथ महाकाल मंदिर से भस्म, शंख आैर चांदी के बिल्व पत्र लेकर गए हैं। पूजन की यह सामग्री श्रीराम मंदिर में अर्पित की जाएगी। उनका कहना है कि शंख से भगवान श्रीराम का पूजन-स्नान होगा।