उत्तर से आ रही सर्द हवा की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ गई है।
उत्तर से आ रही सर्द हवा की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ गई है। इसके असर से शहर के मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से आगामी दो-तीन दिनों के भीतर सर्दी का असर और अधिक बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया है। गुरुवार को दिन में तेज धूप जरूर खिली रही लेकिन दिनभर 2 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवा चलती रही। इससे दिन में भी लोगों को हल्की ठंडक महसूस होती रही। सर्द तेज हवा चलने के कारण दिन के तापमान में भी 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इधर, रात के तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के बावजूद पूरी रात कड़ाके की ठंडक से लोग जूझते रहे। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।