महाकाल के मुख्य पुजारी आज अयोध्या जाएंगे
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा बुधवार शाम को 6.30 बजे अयोध्या के लिए रवाना हो गए। इंदौर से आ रहे विशेष रथनुमा वाहन से वे अयोध्या के लिए निकले। उन्हें तीन दिन पहले सोमवार को ही रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण मिला। वे अपने साथ महाकाल मंदिर से भस्म, शंख और चांदी के बिल्व पत्र लेकर जा रहे हैं। पूजन की यह सामग्री राम मंदिर में अर्पित करेंगे।
पं. घनश्याम शर्मा ने कहा, 'यह सौभाग्य की बात है कि अयोध्या में भगवान के विराजित होने के अवसर पर हमें उपस्थित होने के लिए आमंत्रण पत्र मिला है। भगवान महाकाल के चरणों में अर्पित करने के बाद चांदी के बिल्व पत्र और शंख ले जा रहे हैं। शंख से भगवान राम का पूजन-स्नान होगा।'
उन्होंने कहा, 'भगवान विष्णु को शंख, चक्र, गदा, पदम प्रिय हैं। भगवान विष्णु का स्नान और पूजन शंख से होता है। भगवान शिव को त्रिशूल प्रिय है। भगवान शिव का स्नान-पूजन चांदी के पात्र से किया जाता है।'
श्री महाकालेश्वर मंदिर से अयोध्या के लिए पांच लाख लड्डू प्रसादी भी भेजी जा रही है। यह प्रसादी प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन वितरित की जाएगी।