मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खाचरौद में निजानंद धाम आश्रम में पूजन किया
उज्जैन 15 जनवरी। मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को खाचरौद में ब्रह्मलीन 1008 श्री सच्चिदानंद जी महाराज और ब्रह्मलीन 1008 श्री निजानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन संतों की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और पूजन अर्चन किया। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर्व पर यहां भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने संत श्री विवेक जी गुरुदेव एवं अन्य संतों से सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थित मंदिर में भगवान शिव का पूजन अर्चन भी किया। इस दौरान सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक नागदा खाचरोद श्री तेज बहादुर सिंह चौहान एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।