मकर संक्रांति उत्तरायण पुण्यकाल उत्सव मनेगा, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर में उत्सव का आयोजन 15 जनवरी तक
उज्जैन 11 जनवरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आज गुरूवार 11 जनवरी से 15 जनवरी के मध्य आधुनिक विज्ञान से जोड़कर मकर संक्रांति उत्तरायण पुण्यकाल उत्सव उज्जैन, ग्वालियर एवं भोपाल में मनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने कार्यक्रम आयोजन संबंधी रूपरेखा तैयार कर आदेश दे दिए गए हैं। आयोजन मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया जा रहा है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार उज्जैन में 15 जनवरी तक प्रतिदिन 150 विद्यार्थियों को वराहमिहिर खगोलीय वेधशाला ग्राम डोंगला, डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर वेधशाला में भ्रमण कराया जायेगा। विद्यार्थियों का चयन कलेक्टर/जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। वैज्ञानिक युवा संवाद कार्यक्रम 15 जनवरी को शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में होगा।