इसी माह सेवा निवृत्त हो रहे निज़ामी लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित
उज्जैन : अपना 44 वर्षीय कार्यकाल पूर्ण कर इसी माह सेवा निवृत्त हो रहे नगर निगम पीआरओ अहमद रईस निज़ामी को *लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड* से सम्मानित किया गया है। गत रात्रि को कार्तिक मेले में आयोजित अखिल भारतीय मुशायरे में श्री निज़ामी को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय होगा कि 1980 में नगर निगम सेवा में आए निजामी के सेवाकाल का ये 44वां वर्ष है, आप जन सम्पर्क अधिकारी के रूप में दायित्व निभाते हुए इसी माह 31 जनवरी को सेवा निवृत्त होंगे।
देश की सीमाओं के पार विभिन्न देशों के अन्तर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन मुशायरों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले निज़ामी ने उज्जैन के पहले अन्तर्राष्ट्रीय शायर होने का गौरव प्राप्त कर एक नया इतिहास रचा है। आपने दुबई, बहरीन, जर्मनी, लंदन, शारजाह, सऊदी अरब के मदीना, जद्दा, रियाद, कराची इत्यादि के विभिन्न कवि सम्मेलन मुशायरों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
निज़ामी को विभिन्न देशों के साथ ही देश के विभिन्न शहरों में विभिन्न अवार्ड भेंट कर सम्मानित किया गया है। गणतंत्र दिवस समारोह अंतर्गत दिल्ली के लाल किले पर आयोजित कवि सम्मेलन और मुशायरों में भी अनेक बार निज़ामी को सम्मानित किया गया है।
नगर निगम द्वारा आयोजित कार्तिक मेले के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों, कवि सम्मेलन और मुशायरों के आयोजन में 35 वर्ष तक आपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिंहस्थ महापर्व सहित नगर निगम के विभिन्न आयोजनों के संयोजन और संचालन में निज़ामी की उत्कृष्ट भूमिका रही है।
गत रात कार्तिक मेले के अखिल भारतीय मुशायरे में नगर पालिक निगम की ओर से निज़ामी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और अति विशिष्ट अन्तर्राष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए केबिनेट मंत्री मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष श्री सनवर पटेल के मुख्य आतिथ्य और शहर क़ाज़ी श्री खलीकुर्रहमान की अध्यक्षता में *लाईफ टाईम अचीवमेंट अवॉर्ड* भेंट कर सम्मानित किया गया ।