श्री महाकाल लोक में निर्मित देश की प्रथम स्वस्थ एवं स्वच्छ फूड स्ट्रीट का लोकार्पण 7 जनवरी को होगा एसीएस श्री मोहम्मद सुलेमान एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ.सुदाम खाड़े ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये
उज्जैन 04 जनवरी। श्री महाकाल लोक में निर्मित देश की प्रथम स्वस्थ एवं स्वच्छ फूड स्ट्रीट
प्रसादम का लोकार्पण एवं 36 स्वास्थ्य संस्थाओं का भूमिपूजन एवं 150 स्वास्थ्य संस्थाओं का लोकार्पण
7 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
आज एसीएस श्री मोहम्मद सुलेमान एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ.सुदाम खाड़े ने कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह
आदि अधिकारियों के साथ किया और कार्यक्रम की सम्पूर्ण तैयारी की समीक्षा कर सम्बन्धितों को
आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी से अवगत
कराया। इसी तरह नगर निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक ने देश की प्रथम नवनिर्मित स्वस्थ एवं स्वच्छ
फूड स्ट्रीट की जानकारी दी। एसीएस एवं स्वास्थ्य सचिव ने संजीवनी क्लिनिक खोलने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने निरीक्षण के बाद बेगमबाग वीआईपी गेट के समीप नीलकंठ पथ पर बने दो-तीन कमरे के
भवन का निरीक्षण किया। संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि महाकाल लोक में देश का प्रथम स्वस्थ एवं स्वच्छ फूड स्ट्रीट (प्रसादम)
एफएसएसएआई और स्मार्ट सिटी के द्वारा प्रारम्भ किया जायेगा। यहां स्ट्रीट फूड को बनाने में स्वच्छता
का विशेष ध्यान रखा जायेगा। प्रसादम में स्ट्रीट फूड का हब बनेगा, जहां उज्जैन के स्थानीय व्यंजनों का
लुत्फ भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिये आने वाले श्रद्धालुगण ले सकेंगे।