top header advertisement
Home - उज्जैन << अब तक 2 लाख श्रद्धालुओं ने किए महाकाल के दर्शन; 45 हजार से अधिक ने की भस्मारती

अब तक 2 लाख श्रद्धालुओं ने किए महाकाल के दर्शन; 45 हजार से अधिक ने की भस्मारती


मध्यप्रदेश में लाखों श्रद्धालु नए साल का आगाज भगवान महाकाल के दर्शन के साथ कर रहे हैं। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर प्रशासन के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 2 लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर में पहले दिन सोमवार को 8 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इससे पहले 2016 में सिंहस्थ के शाही स्नान के पहले दिन उज्जैन में 6 लाख श्रद्धालु आए थे।

नव वर्ष के पहले दिन सोमवार सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। सुबह 4 से 6 बजे तक लगभग 45 हजार श्रद्धालुओं ने चलित भस्म आरती में बाबा के दिव्य दर्शन किए। महाकालेश्वर का आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरुआत की और सफलता, सुख शांति की प्रार्थना की।

उज्जैन में होटल, होम स्टे, धर्मशाला, टैक्सी की बुकिंग फुल हो चुकी है। मंदिर समिति का दावा है कि 40 मिनट में भक्तों को दर्शन कराए जा रहे हैं। इस बार श्रद्धालु महाकाल दर्शन के बाद सीधे महाकाल लोक जा रहे हैं। पहले श्रद्धालुओं को लंबा चक्कर लगाकर मेन गेट से महाकाल लोक आना पड़ता था। हालांकि, आज के दिन शीघ्र दर्शन सुविधा बंद है।

मंदिर समिति का दावा है कि दो दिन में महाकाल लोक में 12 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने क्राउड मैनेजमेंट को लेकर तैयारी की है।

Leave a reply