दुर्गामाता मंदिर में श्री भागवत ज्ञान यज्ञ कथा शुरू
उज्जैन| दमदमा स्थित कम्युनिटी हॉल परिसर के दुर्गामाता मंदिर में 31 दिसंबर से श्री भागवत ज्ञान यज्ञ कथा प्रारंभ किया गया। कथा के पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सर पर कलश रखकर कथा स्थल तक पहुंची। संरक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि सार्वजनिक दुर्गा माता मंदिर समिति दमदमा की अगुवाई में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा 7 जनवरी तक चलेगी। कथा व्यास पं. गोपाल कृष्ण भक्तों को प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक कथा का रसपान कराएंगे। वशिष्ठ ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन दमदमा क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से किया जा रहा है। कथा की पूर्णाहुति अवसर पर 7 जनवरी को भंडारे का आयोजन होगा।