सिंहस्थ-2028 और शहर में जलप्रदाय के लिए 939.15 करोड़ रु. के कार्य होंगे
नगर निगम का विशेष सम्मेलन बुधवार को छत्रपति शिवाजी भवन में आयोजित किया गया। इसमें सिंहस्थ-2028 व शहर की जलप्रदाय की आवश्यकता को ध्यान में रखकर करीब 939.15 करोड़ रुपए के कार्य किए जाएंगे। खास बात यह रहेगी कि जिस ठेका कंपनी को इसका ठेका मिलेगा, उसे ही 10 साल तक मेंटेनेंस कार्य भी करना होंगे, ताकि सुधार कार्य के लिए किसी और को बुलाने की आवश्यकता नहीं पड़े।
शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। राइजिंग पाइप लाइन में ही नलों के कनेक्शन जोड़ रखे हैं, इनसे छुटकारा पाने के लिए नई लाइन डाली जाएगी। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सिंहस्थ में होने वाली लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कार्यों को स्वीकृति दी। निगम सभापति कलावती यादव की अध्यक्षता के आयोजित सम्मेलन में करीब 17 पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा।
नई राइजिंग मैन लाइन को डाला जाएगा। अंबोदिया प्लांट का विस्तारीकरण किया जाएगा। हरियाखेड़ी में 100 एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। गऊघाट फिल्टर प्लांट का भी विस्तारीकरण किया जाकर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। शिप्रा व गंभीर इंटकवेल पर तीन नए पंप लगाए जाएंगे। इससे पंप की संख्या बढ़कर 6 हो जाएगी।