जमीन के विवाद में पिता- पुत्र पर हमला, गोली चलाई
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के जमालपुरा में शुक्रवार को जमीन के विवाद को लेकर चार लोगों ने मिलकर पिता-पुत्र पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बंदूक से गोली भी चलाई। गनीमत रही कि गोली पास से होकर निकल गई।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया ग्राम जमालपुरा निवासी 45 वर्षीय अशोक आंजना आैर उनके पिता हीरालाल आंजना पर शुक्रवार दोपहर उनके खेत पर धीरज आंजना आैर उसके साथी रतन, मनोज एवं अमित ने मिलकर हमला कर दिया। चारों ने अशोक आैर पिता हीरालाल के साथ मारपीट की। इसके बाद धीरज अपनी कार से बंदूक निकालकर लाया आैर उसने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। गोली अशोक के पास से होकर निकल गई आैर अशोक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों घायल पिता-पुत्र को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। कान्ह नदी के प्रोजेक्ट के अंतर्गत बनाए जाने वाले रास्ते की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। रास्ता दोनों पक्षों की जमीन के बीच से होकर निकलना है। इनके बीच अपनी-अपनी जमीन कम-ज्यादा देने को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई।
मामले में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने अशोक आंजना की शिकायत पर आरोपी धीरज आंजना आैर साथी रतन, मनोज एवं अमित के खिलाफ प्राणघातक हमले सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्रकुमार यादव ने बताया रास्ते के लिए जमीन देने संबंधी विवाद के चलते मारपीट के बाद गोली चलाई गई। चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई है।