top header advertisement
Home - उज्जैन << स्वस्थ जीवन के लिये पोषण आहार बेहद जरूरी -कलेक्टर कलेक्टर द्वारा केन्द्रीय विद्यालय में दो दिवसीय आहार प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया

स्वस्थ जीवन के लिये पोषण आहार बेहद जरूरी -कलेक्टर कलेक्टर द्वारा केन्द्रीय विद्यालय में दो दिवसीय आहार प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया


उज्जैन- मंगलवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह के द्वारा केन्द्रीय विद्यालय में
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय इन्दौर और जिला प्रशासन के सहयोग से
‘सभी के लिये पोषण आहार’ पर केन्द्रित दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारम्भ फीता काटकर और दीप
प्रज्वलित कर किया गया। कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिये बेलेंस डाइट जो कि पौष्टिक आहार से परिपूर्ण हो, का
होना अत्यन्त आवश्यक है। ऐसे खाद्य पदार्थ जो हमारे स्वास्थ्य के लिये नुकसानदायक हैं, उनका सेवन
करने से हमें बचना चाहिये। पौष्टिक आहार, व्यायाम, योग को हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा,
जिसका प्रभावी परिणाम हमारे शरीर और जीवन पर दिखेगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति अपने काम और दायित्व को बहुत
ही सहजता और खुश होकर कर सकता है। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से कहा कि यह प्रदर्शनी अत्यन्त
लाभकारी है। इसमें प्रदर्शित हर एक वस्तु को विद्यार्थी ध्यान से देखें और समझें। कलेक्टर द्वारा प्रश्नमंच
के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा शुभारम्भ अवसर पर स्वागत गीत और लोकनृत्य की
प्रस्तुति दी गई। मनोरंजन के माध्यम से पोषण आहार की जानकारी मालवा प्रेम नाट्य कला केन्द्र के
कलाकारों द्वारा श्री अनिकेत सेन के निर्देशन में लोकनृत्य, गायन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदाय
की गई। इसके पश्चात म्युजिकल चेयर रेस एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य के बारे में केन्द्रीय संचार ब्यूरो इन्दौर के प्रचार अधिकारी श्री
दिलीप सिंह परमार ने जानकारी दी कि इस प्रदर्शनी को केन्द्रीय विद्यालय में लगाने के पीछे उद्देश्य यही
है कि पोषण सम्बन्धी समस्त जानकारी छात्र-छात्राओं को मिले और वे इसे अपने माता-पिता तथा परिवार
के अन्य सदस्यों को भी घर जाकर बतायें। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रदर्शनी में प्रश्नमंच, पोषण
संवाद, म्युजिकल चेयर रेस और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी।
प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पौष्टिक आहार, पोषण थाली प्रदर्शित की गई।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री साबिर अहमद सिद्धिकी,
परियोजना अधिकारी उज्जैन शहर क्रमांक-1 सुश्री प्रियंका जायसवाल, केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री
मुकेश कुमार मीना, प्रधानाध्यापक श्री विपीन मेहता, श्रीमती उषा ठाकुर, श्रीमती कौशल्या शर्मा और श्री
राहुल यादव मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन श्री शशिभूषण तिवारी ने किया और आभार प्रदर्शन प्राचार्य श्री मीना ने किया।

Leave a reply