भाजपा के सदस्यता अभियान में आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई
भाजपा द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान में नगर निगम में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई। सभी 6 जोन कार्यालयों, निगम मुख्यालय से सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को भाजपा के सदस्यता अभियान में लगा दिया गया। आम जनता के हितों के लिए तैनात कर्मचारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के सदस्य बनाने में लगे। ये आरोप विधायक महेश परमार और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष और रवि राय ने लगाए है। उन्होंने सोमवार को एक वीडियो भी जारी किया जिसमें निगम के कर्मचारी अपनी जगह से गायब रहे।
विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रति पक्ष रवि राय ने भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि क्या नगर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कम पड़ गए हैं, क्या भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के कहने पर नगर के नागरिक भाजपा के सदस्य नहीं बन रहे हैं जो अब शासकीय मशीनरी को उतारा गया है।
आम नागरिकों को जो किसी राजनीति से वास्ता नहीं रखना चाहते हैं वह किसी विवाद में पड़ना नहीं चाहते हैं उन्हें जबरन भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाने का कार्य शहर में किया जा रहा है। इसकी सूचना लगने पर नगर निगम में पार्षदों के साथ नगर निगम के विभागों का निरीक्षण किया यहां आउटसोर्स कर्मचारी सभी जगह करीब 350 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
आम नागरिक हितग्राही कई घंटे से नगर निगम में अपने काम कराने की प्रतीक्षा कर रहे थे लेकिन स्टाफ नहीं होने के कारण कोई काम नहीं हो पाया। विधायक महेश परमार ने बताया कि भाजपा द्वारा स्वार्थ के लिए आम जनता से किये जा रहे धोखे और बोले जा रहे झूठ पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस पार्टी ने इसका विरोध करते हुए अपने सभी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष को निर्देश भी दिये कि वह सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के क्षेत्र में जाकर देखें की कौन-कौन से कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मचारी भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में लगे हैं। उनके फोटो और वीडियो बनाकर के उनके फोटो और कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जमा कराये।