आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले-विदेश में देश का अपमान करते राहुल
उज्जैन में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, 'राहुल गांधी उस पार्टी के नेता हैं, जिसने इस देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुर्भाग्य की बात है कि आज जो कांग्रेस है, वो अब महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं रह गई है।'
उन्होंने कहा, 'जो कांग्रेस महात्मा गांधी की थी, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू की कांग्रेस थी, वो आज मोहम्मद अली जिन्ना के रास्ते पर चलती है। इसलिए राहुल गांधी देश के बाहर जाते हैं, तो देश को नंगा करने का काम करते हैं। देश को अपमानित करने का काम कर रहे हैं।'
श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम रविवार को उज्जैन में यूथ विथ सनातन में शामिल हुए। उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार के फैसलों की आलोचना की जाए, लेकिन भारत के अंदर। भारत के बाहर जाकर अगर भारत के खिलाफ आप बोलेंगे, तो यह देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।
तिरूपति मंदिर का मामला सनातन को भ्रष्ट करने की साजिश आचार्य ने कहा, 'अगर भारत को विश्व गुरु बनाना है, तो सनातन को और अधिक शक्तिशाली करना पड़ेगा। आज सनातन को खत्म और भ्रष्ट करने की सजिशें हो रही हैं। इन साजिशों में दुनिया की बड़ी-बड़ी ताकतें शामिल हैं। दुर्भाग्य की बात है कि सनातन को मिटाने की जो साजिश हो रही है, उसमें भारत के कुछ राजनीतिक दल भी सम्मिलित हैं। तिरूपति मंदिर का मामला सनातन को भ्रष्ट करने की साजिश है।
वन नेशन वन इलेक्शन से भारत मजबूत होगा आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, 'वन नेशन वन इलेक्शन, एक निशान एक विधान एक संविधान, से भारत मजबूत होगा। भारत के प्रधानमंत्री का मैं अभिनंदन करना चाहता हूं और मांग करना चाहता हूं कि वन नेशन वन इलेक्शन, यूनिफॉर्म सिविल कोड लाएं। भारत में पैदा होने वाला प्रत्येक भारतीय एक बराबर होना चाहिए। जातियों के नाम पर, धर्म के नाम पर, भाषा के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर जो विभाजन होगा, ये हमारे देश को कमजोर करेगा। इसलिए वन नेशन वन इलेक्शन भी आवश्यक है और यूनिफॉर्म सिविल कोड भी जरूरी है। पॉपुलेशन कंट्रोल बिल भी आना चाहिए। भारत की बढ़ती आबादी भारत के लिए खतरा है।