top header advertisement
Home - उज्जैन << राष्ट्रपति के लिए महाकाल मंदिर में राजसी साज-सज्जा

राष्ट्रपति के लिए महाकाल मंदिर में राजसी साज-सज्जा


विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर में 19 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के आगमन पर मंदिर समिति द्वारा महाकाल महालोक से लेकर मंदिर के नंदीहाल व गर्भगृह में फूलों से राजसी साज-सज्जा शुरू कर दी है। महाकाल लोक परिसर में प्रवेश बंद है। वहीं महाकाल मंदिर में प्रोटोकाल व टिकट से दर्शन की व्यवस्था भी बुधवार से बंद कर दी है। सामान्य श्रद्धालुओं को अंवतिका द्वार से प्रवेश देकर कार्तिकेय मंडपम से दर्शन कराए जा रहे है। सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर में भी प्रवेश बंद किया है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आने का प्रस्तावित कार्यक्रम 19 सितंबर को सुबह 10:10 बजे पुलिस लाईन हेलिपेड आने का है। होटल रूद्राक्ष में आयोजित कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति 11:40 बजे महाकाल लोक के नंदी द्वार से प्रवेश करेंगी। हालांकि अभी तक मंदिर प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के आगमन का यही कार्यक्रम बताया जा रहा है। राष्ट्रपति पहली बार उज्जैन ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर के दर्शन को आ रही है। इसके लिए मंदिर में उनके आने वाले प्रवेश द्वार महाकाल लोक नंदी द्वार से मंदिर तक फूलों से सजावट की जा रही है। महाकाल लोक में लोक नृतक दल नृत्य की प्रस्तुति देंगे। वहीं भगवान महाकाल के गर्भगृह और नंदी हाल, कोटितीर्थ कुंड के आस-पास में फूलों से साज-सज्जा की जा रही है। राष्ट्रपति के आने वाले मार्ग में रेड कारपेट बिछाई जाएगी। राष्ट्रपति के लिए मंदिर में नए बने शिखर दर्शन की छत के नीचे एक ग्रीन रूम तैयार किया जा जा चुका है।

कोटितीर्थ कुंड के समीप होगा फोटो सेशन-

राष्ट्रपति के आगमन के बाद भगवान महाकाल का पूजन करने के बाद नंदी हाल में मंदिर समिति द्वारा राष्ट्रपति का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद कोटितीर्थ कुंड के समीप स्थित एक जगह पर राष्ट्रपति स्वच्छता का संदेश देंगी। यही पर फोटो सेशन किया जाएगा। हालांकि अभी तक मंदिर प्रशासन के पास जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति की पूजा कराने के लिए अधिकृत पुजारी का नाम फायनल होकर नही आया है। यह भी तय नही है कि पूजन के दौरान कितने सदस्य मंदिर के नंदी हाल और गर्भगृह में रहेगें। कहा जा रहा है कि पाट पर बैठक व्यवस्था में रहने वाले पुजारी द्वारा ही पूजन कार्य कराया जा सकता है।

दमक उठा गर्भगृह सभा मंडप में भी सफाई हुई-

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए ग्रीन रूम की तैयारी के साथ ही कोटितीर्थ कुंड की सफाई कर कुंड के आस-पास रंगरोगन करने के बाद फूलों से सजाया गया है। वहीं गर्भगृह में रूद्र यंत्र, चांदी की दीवारों, चांदी द्वार की सफाई होने के बाद परिसर दमकने लगा है। सभामंडप में भी सजावट करने के पहले सफाई की गई है।

महाकाल में प्रोटोकाल व टिकट व्यवस्था बंद-

बुधवार को महाकाल मंदिर में सुबह से ही महाकाल लोक में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद किया गया। वहीं मंदिर की ओर जाने वाले सभी गेट बंद किए गए है। प्रोटोकाल व 250 रूपए शीघ्र दर्शन टिकट भी बंद की गई है। श्रद्धालुओं को अवंतिका द्वार से प्रवेश देकर नंदी हाल के ऊपर स्थित कार्तिकेय मंडपम से दर्शन के बाद फैसेलिटी सेंटर से वापस बाहर निकाला गया। इसी तरह मंदिर परिसर को भी सुरक्षा के लिहाज से बंद किया गया है। परिसर में किसी को भी जाने की इजाजत नही है।

मंदिर समिति ने दो ई-कार्ट खरीदी

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन और उनकी सुरक्षा को देखते हुए दो ई-कार्ट खरीदी है। दोनो नई ई-कार्ट को फूलों से सुसज्जित किया जा रहा है। ई-कार्ट में बैठकर ही राष्ट्रपति मंदिर के पीछे स्थित महाकाल लोक का भ्रमण करते गेणेश मंडपम को मिलाकर नए बनाए गए मार्ग से ग्रीन रूम तक पहुंचेगी। महाकाल लोक में कार्यक्रम के तहत लोक नृत्य करते हुए कलाकार राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। ई-कार्ट ग्रीन रूम तक पहुंचाएगी। यहां से राष्ट्रपति महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के लिए जाएंगी।

ऐसी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम स्थल हेलीपेड, ग्राम ढेंडिया स्थित रूद्राक्ष होटल परिसर, श्री महाकाल लोक एवं श्री महाकालेश्वर मन्दिर का सघन निरीक्षण अधिकारियों द्वारा किया गया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिये 1800 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। व्यवस्थाओं में मुख्य रूप से सेफ हाउसेस, सभी रास्तों एवं कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी एवं ड्रोन से सवेर्लेंस, प्रस्तावित मार्ग के साथ ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था, सभी कार्यक्रम स्थलों पर हॉस्पिटल की सुविधा की गई हैं। राष्ट्रपति के आगमन, प्रस्थान के समय सम्पूर्ण एरिया नो-फ्लाय झोन डिक्लेयर किया गया है। इसी के साथ मार्ग पर पडऩे वाले घरों की सुरक्षा की दृष्टि से मॉनीटरिंग एवं किरायेदारों का वेरिफिकेशन भी किया है। राष्ट्रपति महोदय की क्लोज प्राक्सिमिटी में आने वाले सभी व्यक्तियों का वेरिफिकेशन पुलिस द्वारा किया है। इसी के साथ सुरक्षा की दृष्टि से होटल्स में आने वाले आगन्तुकों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्राम ढेंडिया के कार्यक्रम स्थल पर गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि प्रात: 9 बजे के पहले उपस्थित रहेंगे।

Leave a reply