रामानुजकोट में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को दिया समतामूर्ति श्री रामानुज अलंकरण सम्मान
उज्जैन। रामघाट मार्ग स्थित श्री रामानुजकोट आश्रम में रविवार को
श्री आचार्य षष्टयब्दपूर्ति महोत्सव आयोजित हुआ। जिसमें मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को समतामूर्ति श्री रामानुज अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया। महोत्सव में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री माहेश्वरी भी विशेष रूप से शामिल हुए।
आश्रम के प्रबंधक पंडित आत्माराम शर्मा ने बताया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित कर कहा कि महाकाल की नगरी अवंतिका अनंत है। यह हर काल और युग में अपने गुणों व कीर्ति से सदैव अलंकृत होती आई है। मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री जी के महेश्वरी को जी को भी रामानुज कोट के धर्माचार्य संत स्वामी श्री गादी जी महाराज ने समतामूर्ति श्री रामानुज अलंकरण सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी श्री रंगनाथाचार्य जी महाराज, युवराज स्वामी श्री माधव प्रपन्नाचार्य जी महाराज प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री माहेश्वरी ने संबोधित कर कहा कि समानता हमारे सनातन संस्कृति में वेद पुराणों के साथ हमारे संविधान में भी उल्लेखित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी मंच से ही स्वामी श्री रंगनाथाचार्य जी महाराज सहित अन्य धर्माचार्यों का पुष्पमाला और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सुबह सुदर्शन महायज्ञ, चतुर्वेद पारायण, तिरुमंजन अभिषेक अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई। दोपहर में 12 बजे आचार्यों का पाद पूजन व 12.30 बजे से स्वामी श्री रंगनाथाचार्य जी महाराज का अभिषेक किया गया।