24 घंटे के लिए खुलेंगा भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर:नाग पंचमी पर्व पर 50 बसें अधिग्रहित, मन्नत गार्डन से चलेंगी बसें
नागपंचमी का पर्व 9 अगस्त को मनाया जाएगा। गुरुवार-शुक्रवार के मध्य रात 12 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। जो अगले 24 घंटे तक सतत खुले रहेंगे। इस दौरान करीब 10 लाख भक्तो के मंदिर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए मंदिर समिति कई इंतजाम किए है ताकि भक्तो को सहज दर्शन मिल सके। नाग पंचमी पर्व पर भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन और भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए अलग-अलग लाइन लगाई जाएगी।
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ आगामी नाग पंचमी पर्व की दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा नाग पंचमी पर्व पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित किए गए पार्किंग स्थल (कर्कराज मंदिर के पास) का अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए की कर्कराज पार्किंग स्थल की जमीन की लेवलिंग करवा दी जाए, यहां पर चूरी और गिट्टी डलवाई जाए ताकि बारिश के मौसम के दौरान कीचड़ की समस्या ना हो। जानकारी दी गई की श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मन्नत गार्डन से बसें भी संचालित की जाएंगी । कलेक्टर ने नाग पंचमी पर्व पर 50 बसें अधिग्रहित किए जाने के निर्देश दिए।
भील समाज की धर्मशाला के परिसर में भी जूता स्टैंड-
कर्कराज स्थल पर जूता स्टैंड भी बनाया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए की श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड लगाये जाएं। नृसिंह घाट के समीप भील समाज की धर्मशाला के परिसर में भी जूता स्टैंड श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाया जाएगा। यहां भी जमीन की लेवलिंग करवाए जाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने चार धाम मंदिर मार्ग से अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा सामान्य दर्शन और वीआईपी दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।