ललिता त्रिपुर सुंदरी में चल रहे वेद पारायण में घनपाठियों का सम्मान - आज रामघाट से निकलेगी यात्रा, वेद नारायण का महाप्रसाद वितरण होगा
उज्जैन- श्री राघवानंद कंठस्थ वेद पारायण माला द्वारा आयोजित 25 दिवसीय एकाकी शुक्ल यजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा कंठस्थ घनपारायण महोत्सव के अंतर्गत 24 वें दिन ब्रह्मलीन श्री राघवानंद जी महाराज की तपस्थली श्री ललिता त्रिपुर सुंदरी शक्तिपीठ आश्रम नरसिंह घाट पर घनपाठियों एवं वेद मूर्तियों का सम्मान किया गया।
यह जानकारी देते हुए पंडित प्रवीण जोशी एवं कामाख्या मंदिर उज्जैन के पुजारी लोकेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव में घनपाठ पारायण करने वाले वेद मूर्ति ऋषभ शर्मा और गुरुजी वेदमूर्ति उमेश शर्मा का भक्तजनों ने पुष्प माला से स्वागत कर गुरु चरणों में अपने वाक् पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर वेदमूर्तियों ने कहा कि सनातन धर्म का मूल ही वेद है। वेद पढ़ने वाला सदा शिव होता है। बुधवार को प्रातः 7 बजे यात्रा निकाली जाएगी जो रामघाट से रामानुजकोट होते हुए नृसिंह घाट स्थित श्री ललिता महात्रिपुर सुन्दरी शक्तिपीठ पर समाप्त होगी। इसके पश्चात प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक सम्मान समारोह चलेगा। इसके पश्चात वेद नारायण भगवान का महाप्रसाद वितरण होगा।