कोठी महल का निरीक्षण:भारत के पहले वीर भारत संग्रहालय की 15 दिन में डीपीआर प्रस्तुत करने के बाद अगले महीने से शुरू हो जाएगा काम
कोठी महल पर बनने जा रहे देश के पहले वीर भारत संग्रहालय के निर्माण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके चलते आयुक्त आशीष पाठक द्वारा वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी, स्मार्ट सिटी अधिकारियों एवं दिल्ली से आए आर्किटेक्ट कंजर्वेशन टीम के साथ उज्जैन स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक आयोजित कर वीर भारत न्यास संग्रहालय की कार्ययोजना पर चर्चा की गई और प्रेजेंटेशन के माध्यम से पूरी कार्ययोजना को समझा गया। बताया गया कि कार्ययोजना बना ली गई है, जिस पर 15 दिन में डीपीआर तैयार कर जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
संग्रहालय में 40 हजार साल पुराना इतिहास
संग्रहालय में भारत का 30 से 40 हजार साल पुराना इतिहास बताया जाएगा। 1887-88 में बने कोठी महल में बनने जा रहे इस संग्रहालय में पूर्व वैदिक, वैदिक, उत्तर वैदिक, रामायण-महाभारत, भारत भूमि पर जन्में तेजस्वी नायकों, दाशर्निक, संतों सहित श्रीराम की लगभग 96 पीढ़ियों के बारे में दर्शाया जाएगा। संग्रहालय के लिए खोजबीन, डिजाइन व अन्य काम वीर भारत न्यास संस्कृति विभाग करेगा। महल के मूलरूप में ही संग्रहालय तैयार किया जाएगा।