बदबू से परेशान हुए श्रद्धालु:सांवेर रोड पर मत्स्य विभाग कार्यालय के पास मुनिनगर तालाब में मछलियां मरी
इंदौर-सांवेर रोड पर स्थित मुनिनगर तालाब में बुधवार को बड़ी संख्या में मछलियां मर गई। खास बात तो यह है कि तालाब के पास में ही मत्स्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है। बावजूद इसके देखरेख के अभाव में सैकड़ों मछलियों ने दम तोड़ दिया। इससे बदबू भी फैलने लगी है।
शहर के लोग सुबह-सुबह बड़ी संख्या में तालाब में मछलियों को दाना डालने के लिए आते हैं। उन्हें तालाब में मछलियां मरी हुई दिखी तो भास्कर को उन्होंने वीडियो व फोटो उपलब्ध करवाए। श्रद्धालुओं का कहना है कि हम लोग मुनिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित मंदिर में दर्शन के बाद मछलियों को दाना डालने आते हैं। देखरेख के अभाव में व पानी की प्रॉपर सफाई नहीं होने की वजह से मछलियों ने दम तोड़ा है। तालाब के पानी को साफ रखने के लिए फव्वारा भी लगाया है, जिसे कभी चालू किया जाता है, कभी बंद ही रहता है।
तालाब का पानी गंदा होने या पानी में ऑक्सीजन की कमी या बढ़ रहे तापमान की वजह से ऑक्सीजन के स्तर में कमी आने तथा मत्स्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की अनदेखी की वजह से बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हुई है। इससे आसपास के रहवासी मछलियों की सड़ांध और दुर्गंध से परेशान हैं। उन्होंने शहर के मध्य स्थित इस तालाब में मत्स्य पालन पर रोक लगाने की मांग भी की है। मुनिनगर तालाब के समीप स्थित मंदिरों के पास में ही शाम होते ही मछली मार्केट खुल जाता है, जहां खुले आम मछलियां बेची जाती है। रहवासियों की मांग है कि इस स्थल को पर्यटन के लिए विकसित किया जाए या कोई शासकीय भवन/ शॉप आदि के लिए विकसित किया जाए।