शिक्षक संघ गुरु पूर्णिमा पर 50 गुरुओं का करेगा सम्मान
उज्जैन | मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की जिला बैठक रविवार को उन्हेल में हुई। इसमें खाचरौद, नागदा, महिदपुर, झारड़ा, तराना, माकड़ौन, घट्टिया, बड़नगर तथा उज्जैन नगर और तहसील के कार्यकर्ता उपस्थित हुए। दो सत्रों में आयोजित बैठक में विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। संगठन के विस्तार और दृढ़ीकरण के लिए संकुल मंडल योजना बनाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रांत के आह्वान पर गुरु छाया कार्यक्रम के माध्यम से 4500 पौधे लगाने का लक्ष्य सभी तहसीलों के कार्यकर्ताओं द्वारा लिया गया।
आगामी गुरु पूर्णिमा उत्सव 21 जुलाई को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा संकुल मंडल स्तर पर उज्जैन जिले में 50 गुरु वंदन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा भी की गई, जिनके निदान के लिए विभिन्न स्तरों पर चर्चा करने का आश्वासन जिलाध्यक्ष सुभाष पाटीदार द्वारा दिया गया। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री राजेंद्र रावल, संभागीय सचिव जगदीशसिंह केलवा, जिला उपाध्यक्ष दिग्विजयसिंह चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त किए।संचालन जिला सचिव शैलेंद्रसिंह डोडिया ने किया। आभार ओमप्रकाश नंदेड़ा ने माना।