दिन में 6.7 डिग्री बढ़ा पारा, शाम को बूंदाबांदी
शहर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई तेज बारिश के बाद रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि हवा की रफ्तार कमजोर पड़ने के कारण दिन में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। वहीं शाम को कुछ देर बूंदाबांदी हुई। इधर, मौसम विभाग ने सोमवार को जिले में बारिश के साथ तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार को दिनभर केवल 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। दिन में कुछ देर हल्की धूप जरूर निकली लेकिन अधिकांश समय बादल छाए रहे। दिन में आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। दिन के तापमान में 6.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के कारण पूरे दिन लोग गर्मी और उमस से जूझते रहे। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
वहीं रात में भी तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी और उमस से परेशान होना पड़ा। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने सोमवार को जिले में कहीं-कहीं झोंकेदार हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।