महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू हुई शौर्ययात्रा
उज्जैन में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर रविवार की शाम 6 बजे चामुंडा माता चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांन्त शौर्ययात्रा आरंभ हुई। शौर्ययात्रा देवासगेट, दौलतगंज, कंठाल होती हुई सामाजिक न्याय परिसर में सामाजिक समरसता सम्मेलन में परिवर्तित होगी। यहां पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के माता-पिता का सम्मान किया जाएगा।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में 30 वीं शौर्य यात्रा 9 जून रविवार चामुंडा माता मंदिर चौराहे के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई। इसके पहले यहां जिले भर से आए समाज जनों को संबोधित किया गया। शोर्ययात्रा मेें शामिल पुरूषों ने साफा पहना हुआ था। वहीं महिलाएं भी राजपूतानी पोशाख में नजर आई।
यात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़े, बग्गी, बैंड, डीजे और चौपहिया वाहन शामिल थे। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होकर सामाजिक न्याय परिसर पहुंचेगी। यहां पर सामाजिक समरसता सम्मेलन के रूप में परिवर्तित होगी। सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री अनिलसिंह चंदेल करेंगे, अतिथि के रूप में शहीदों के माता-पिता को आमंत्रित किया है। उनका कार्यक्रम में सम्मान भी किया जाएगा।
शौर्ययात्रा के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ठाकुर हरदयालसिंह, युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह गौतम, शहर अध्यक्ष अभिषेकसिंह बैस, जिलाध्यक्ष जितेंद्रसिंह राजावत, युवा बैंक के शहर अध्यक्ष आनंदसिंह खींची सहित पदाधिकारी व समाज के युवा, पुरूष, महिला शामिल थे।