सिंहस्थ मेला क्षेत्र से 427 अवैध निर्माण हटाए जाएंगे, सड़कों का चौड़ीकरण होगा
लोकसभा चुनाव व इसकी आचार संहिता खत्म होने के बाद अब उज्जैन में सिंहस्थ से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर व तेजी से होंगे। जल्द ही मेला क्षेत्र से करीब 427 अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटाने के लिए मुहिम चलाई जाएगी। साथ ही भीड़ प्रबंधन व यातायात की दृष्टि से कुछ मार्गों का चौड़ीकरण भी होगा। पिछले 2016 के सिंहस्थ में करीब 8 करोड़ श्रद्धालु शहर में आए थे।
अगले 2028 के सिंहस्थ में ये आंकड़ा बढ़कर 14 करोड़ तक होने का अनुमान है। यानी इतने श्रद्धालुओं की मेजबानी के लिहाज से सिंहस्थ की तैयारी की जाना है। इसके लिए शासन-प्रशासन का अमला अब तेजी से कार्य में जुटने जा रहा है। ऐसा इसलिए भी जरूरी है कि अब तैयारियों के लिए समय कम ही बचा है। बड़े निर्माण अन्य अधोसंरचनाओं से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट को पूरा होने में दो से तीन वर्ष तो लगते ही हैं।
शुक्रवार को भोपाल में सिंहस्थ 2028 को लेकर बैठक होना है। इसमें शामिल होने के लिए कलेक्टर नीरजकुमार सिंह भी भोपाल पहुंच रहे हैं। उम्मीद की जा रही हैं इस बैठक में सिंहस्थ की तैयारियों से जुड़े बड़े व अहम काम व प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए चर्चा होगी, उन पर मुहर लगेगी।
मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना : ये कार्य प्राथमिकता से होगा। इसके लिए जल्द ही मुहिम चलेगी। निगम का अमला पूर्व में ही करीब 427 अवैध निर्माण व अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी कर चुका है।
शिप्रा शुद्धिकरण : साधु-संत लगातार मांग करते आ रहे हैं कि सिंहस्थ में वे शिप्रा के जल से ही स्नान करना चाहते हैं। लिहाजा शिप्रा शुद्धिकरण को लेकर दो तरह के प्रस्ताव बने हैं। इनमें से एक पर काम भी शुरू हो चुका है। प्रोजेक्ट समय सीमा में पूरे हो ये सुनिश्चित किया जाएगा।
मेला क्षेत्र में स्थायी निर्माण की अनुमति : अखाड़ों व अन्य संस्थाओं को मेला क्षेत्र में स्थायी निर्माण की अनुमति दी जाना चाहिए या नहीं। इसे लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। इसके लिए गाइड लाइन भी स्पष्ट होगी।
मार्गों के चौड़ीकरण व नए ब्रिज का निर्माण : भीड़ प्रबंधन व सुगम यातायात की दृष्टि से पुराने शहर के कुछ मार्गों के चौड़ीकरण, हरिफाटक ब्रिज के विस्तार व कुछ नए ब्रिज के निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।
अनुभवी प्रशासनिक अमले की व्यवस्था : मेले की तैयारियों के लिए अनुभवी अधिकारी-कर्मचारियों की व्यवस्था भी प्रशासनिक स्तर पर की जाना है। संभवत: इसे लेकर भी चर्चा होगी।
भोपाल में शुक्रवार को सिंहस्थ से जुड़े कामों के लिए बैठक होने जा रही है। इसमें कई प्रस्तावों व तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। मेला क्षेत्र के अतिक्रमण व अवैध निर्माण हटाने के आदेश निगमायुक्त को दिए जा चुके हैं।
- नीरजकुमार सिंह, कलेक्टर मेला क्षेत्र के दो जोन में नोटिस
सिंहस्थ मेला क्षेत्र के जोन 1 के तहत करीब 350 और जोन तीन के तहत 77 अवैध अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए हैं।
- जगदीश मालवीय, प्रभारी कार्यपालन यंत्री ननि