top header advertisement
Home - उज्जैन << चौराहों पर लगी निगम की स्क्रीन पर डिस्प्ले होंगे प्रत्येक राउंड के आंकड़े

चौराहों पर लगी निगम की स्क्रीन पर डिस्प्ले होंगे प्रत्येक राउंड के आंकड़े


उज्जैन-आलोट क्षेत्र से कुल 9 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे लोकसभा चुनाव के मतों की गणना मंगलवार सुबह 8 बजे से इंदौर रोड स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू होगी। यहां प्रत्येक राउंड के बाद उद्घोषणा कर मतों की जानकारी दी जाती रहेगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी नगर निगम की एलईडी स्क्रीन पर भी प्रत्येक राउंड के आंकड़े डिस्प्ले होंगे। इससे जनता मतों की ताजा स्थिति से अपडेट हो सकेगी।

उज्जैन-आलोट सीट के लिए कुल 9 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे। भाजपा से अनिल फिरोजिया और कांग्रेस के महेश परमार प्रत्याशी रहे हैं। प्रचार-प्रसार के दौरान भाजपाई पांच लाख मतों के अंतरों से चुनाव जीतने का दावा करते आ रहे हैं, वहीं कांग्रेसी इस सीट को भाजपा से झपटने के लिए दमखम लगाते दिखाई दिए हैं। मतदान 73.69 फीसदी हुआ है, जो कि पिछले 2019 के चुनाव की तुलना में 1.74 फीसदी कम है। मंगलवार को होने वाली मतगणना से पता चलेगा कि इस सीट पर किसका कब्जा रहता है।

सबसे पहले पोस्टल बैलेट के मतों की गणना होगी, उसके बाद 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती
इंजीनियरिंग कॉलेज में लोकसभा चुनाव के तहत आने वाली जिले की सभी सातों विधानसभाओं के मतों की गणना के लिए कुल 103 टेबलें लगाई गई हैं। इनमें से 98 पर ईवीएम, एक पर ईटीपीबीएस तथा चार पर पोस्टल बैलेट की गणना होगी। प्रत्येक विधानसभा के मतों की गणना के लिए 14-14 टेबलें रहेंगी। सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद करीब 8.30 बजे से ईवीएम के मतों गणना होने लगेगी। पोस्टल बैलेट की गणना पूरी होने पर आंकड़े घोषित किए जाएंगे। इसी तरह से ईवीएम के मतों की गणना के भी प्रत्येक राउंड के आंकड़ों की घोषणा की जाती रहेगी।

उम्मीद की जा रही है कि पहला रुझान 9 से 10 बजे के बीच आएगा। मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की मॉनीटरिंग व निगरानी के लिए कुल 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। मतगणना स्थल पर केवल पासधारी लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल के नजदीक भारी वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। मतगणना के दिन शुष्क दिवस रहेगा।

पूरी तैयारी कर ली, एलईडी पर डिस्प्ले होंगे आंकड़े

^लोकसभा के वोटों की गणना की संपूर्ण तैयारी कर ली हैं। मतों की गणना के प्रत्येक राउंड के आंकड़े प्रमुख चौराहों पर लगी एलईडी स्क्रीन पर डिस्प्ले किए जाते रहेंगे।
- नीरज कुमार सिंह, कलेक्टर

Leave a reply