सिंहस्थ के पहले महाकाल लोक में लगेंगी नई मूर्तियां
उज्जैन स्थित महाकाल लोक में 2028 में होने वाले सिंहस्थ से पहले सभी 106 नई मूर्तियां लगेंगी। हाट बाजार में मूर्तियां बनाने का काम भी शुरू हो गया है। सबसे पहले सप्तऋषि की सात मूर्तियों को बनाया जाएगा। वर्तमान में यहां लगी मूर्तियों को चौराहों पर शिफ्ट किया जाएगा। इस पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार के लिए कहा, ‘बीजेपी दूसरी बार करप्शन कर रही है।’
11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। इसके बाद से यहां भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। इस बीच, 28 मई 2023 की शाम आंधी के चलते महाकाल लोक में स्थापित सप्तऋषि की 6 मूर्तियां गिर गईं। इसके बाद मूर्तियों की मजबूती को लेकर सवाल खड़े किए गए।
कांग्रेस ने महाकाल लोक निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। प्रदर्शन करते हुए जांच की मांग की थी।