साथी निकला हत्यारा:एंबुलेंस में शव छोड़ भाग गया था, बाथरुम में गिरने से चोट की रची थी कहानी
रतलाम के सालाखेड़ी में एंबुलेंस में महिला का शव छोड़कर भागने वाला साथी मृतिका के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। उसी ने अपनी महिला दोस्त की हत्या की है। रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के दौरान उसने बाथरुम में गिरने से चोट लगना बताया। जबकि दोनों नागदा से आकर रतलाम की एक होटल में रुके थे। होटल में दोनों का विवाद हुआ। उसी दौरान साथी ने महिला को टेबल पर सिर दे मारा।
23 मई की रात भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल की एंबुलेस से ड्रायवर निलेश (32) पिता गुलाबसिंह सिलावट निवासी शारदा नगर नारियल खेडा थाना गौतम नगर भोपाल से एक महिला का शव लेकर रतलाम आया। एंबुलेस में शव के साथ एक व्यक्ति था। जो कि एंबुलेस को पहले रावटी की तरफ लेकर गया। फिर रतलाम सालाखेड़ी की तरफ लेकर आया। एंबुलेंस को इधर-उधर घूमाता रहा। बाद में शव के साथ आया व्यक्ति सालाखेड़ी के पास एंबुलेंस से गायब हो गया। एंबुलेंस ड्रायवर रात में सालाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंचा। वहां घटना की जानकारी दी। शव को रात में ही मेडिकल कॉलेज भेजा गया। थाना औद्योगिक क्षेत्र ने मर्ग कायम किया। इसके बाद पुलिस जांच में जुटी।
पुलिस को पता चला कि 20 मई को रतलाम के मेडिकल कॉलेज में गीता बाई (38) पति आनंद वाल्मिकी को भर्ती कराया गया था। पति आनंद ने बाथरुम में छत का छज्जा गिरने से महिला को घायल होना बताया था। साथ ही रतलाम के पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र के शिवनगर का रहने वाला बताया। महिला की हालात ठीक नहीं होने पर उसे इंदौर रेफर किया। लेकिन संबंधित व्यक्ति इंदौर ना जाते हुए भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल लेकर गया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले को संदिग्ध मानते हुए एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने जांच के निर्देश दिए थे।