top header advertisement
Home - उज्जैन << उज्जैन में 7 साल बाद 45 डिग्री पर पहुंचा तापमान

उज्जैन में 7 साल बाद 45 डिग्री पर पहुंचा तापमान


उज्जैन। इस वर्ष गर्मी के मौसम में दिन का अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है। हालांकि नवतपा 25 मई से शुरू होना है। इसके पहले ही दिन का तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। इसके पहले 19 मई 2016 को दिन का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालत यह है कि सुबह से ही धूप में तेजी शुरू हो जाती है। दिन में सूरज की तपन और रात में उमस के कारण लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो रहा है। बढ़ती गर्मी के कारण मौसमी बीमारी भी बढ़ रही है।

मई महिने में दिन का अधिकतम तापमान गुरूवार को सबसे अधिक 45 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी के मौसम में तापमान की यह सबसे अधिक उछाल रही है। वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त का कहना है कि सात वर्ष बाद मई महिने में दिन का तापमान 45 डिग्री पर दर्ज किया गया है। इसके पहले 19 मई 2016 को दिन का पारा 45.5 डिग्री पर रहा है। वहीं 21 मई 2010 में सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान दर्ज हो चुका है। हालांकि दिन के तापमान के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोत्री होने से गर्मी में रात को भी सुकुन नही मिल रहा है। हालत यह है कि दिन की तेज धूप और गर्म हवा के कारण बाजार में भी सूरज डूबने के बाद ही चहल-पहल दिखाई देती है। भीषण गर्मी में पंखे, कुलर का भी दम निकल चुका है। कहा जा रहा है कि 25 मई से नवतपा का दौर शुरू हो जाएगा। ऐसे में तापमान की यही स्थिति रही तो नौ दिन गर्मी से हाल-बेहाल होंगे।

मौसमी बीमारी का दौर शुरू-

भीषण गर्मी में गर्म हवा के थपेड़े और तेज धूप के कारण लोग बीमारी का शिकार भी होने लगे है। अधिकांश घरों में लू-तापघात के मरीज बढऩे लगे है। अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि लू से बचाव के लिए बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्तों का प्रयोग करें। भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी में पानी अधिक मात्रा में पीये एवं पेय पदार्थो का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। लू लगने के लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सक के पास जाएं।

Leave a reply