महाकाल में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन, पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन करवाए जाएंगे। उन्हें दर्शन में कोई परेशानी न आए। साथ ही कम से कम समय में वे दर्शन लाभ ले सकें। इसके अलावा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा में बढ़ोतरी की जाएगी।
प्रदेश के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग संचालनालय के डायरेक्टर ई रमेश कुमार ने यह बात कही। वे रविवार को शहर आए। उन्होंने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के नंदी हॉल से दर्शन किए। मंदिर प्रशासक मृणाल मीना ने उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाएं जैसे श्रद्धालुओं का प्रवेश, निर्गम, वर्तमान में मिल रही सुविधाएं, मंदिर प्रबंध समिति की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उन्हें मंदिर विस्तार के अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों के बारे में बताया और निर्माण कार्यों का अवलोकन भी करवाया। मंदिर के बाद उन्होंने महाकाल लोक का निरीक्षण भी किया। यहां से वे रामघाट पहुंचे। उन्होंने शाही व पर्व स्नान वाले स्थानों को निरीक्षण किया। इसके बाद वे स्मार्ट सिटी कार्यालय आए। जहां पर धर्मस्व विभाग संचालनालय का कार्यालय शिफ्ट किया जाना है।
प्रदेश का धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व संचालनालय जल्द ही भोपाल से उज्जैन शिफ्ट करने की तैयारी है। इसी क्रम में विभाग के डायरेक्टर ई रमेश कुमार यहां आए थे। बताया जाता है कि इसे सिंहस्थ मेला कार्यालय में शिफ्ट किया जाएगा। इसका उद्देश्य सिंहस्थ 2028 की तैयारी और उज्जैन के 2572 मंदिरों की व्यवस्था में जरूरी सुधार करना है। कुमार ने दोपहर में प्रशासनिक अफसरों से चर्चा की।