मई में 9वीं बार दिन का पारा 40 पार, बादलों ने बढ़ाई उमस, शाम ढलने पर हल्की बारिश
मई माह में सूर्य रौद्र रूप दिखा रहा है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस माह की बात करें यह 9वीं बार है जब दिन का पारा 40 पार पहुंचा है। सुबह से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दोपहर में धूप ने तीखे तेवर दिखाए लेकिन शाम ढलने से पहले फिर काले बादल छाए।
शहर में कई स्थानों पर मध्यम और हल्की बारिश भी हुई। इसके साथ ही तेज हवा भी चली। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता सुबह 48 और शाम को 29 फीसदी रही। हवा की रफ्तार सुबह 2 और शाम को 8 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग भोपाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर धुरी बनाते हुए मध्य क्षोभमंडल की पछुआ पवनों के बीच 81 डिग्री पूर्व देशांतर के सहारे 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में अवस्थित है। साथ ही एक चक्रवातीय परिसंचरण मध्य प्रदेश के मध्य भाग के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है।
एक अन्य चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वी विदर्भ के ऊपर माध्य समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। 17 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना बनी हुई है। शाम के समय हुई बारिश कुछ क्षेत्रों में तेज हुई और कुछ क्षेत्रों में केवल बूंदाबांदी होकर की खत्म हो गई।
आगे : 24 घंटे में गरज, चमक के साथ बौछारें गिरने का अनुमान मौसम विज्ञान विभाग भोपाल का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटे शहर में कहीं कहीं गरज, चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं। दिन में तीखी धूप रहेगी। साथ ही हवा की रफ्तार भी ज्यादा रहने की बात कही जा रही है।