कलेक्टर श्री सिंह ने होली, रंगपंचमी, शनिश्चरी अमावस्या पर्वों और पंचक्रोशी यात्रा की तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए
उज्जैन- कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने गुरुवार सुबह समयावधि पत्रों की समीक्षा की।बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने होली,रंगपंचमी,शनिश्चरी अमावस्या के पर्व की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने होली और रंगपंचमी पर्व पर होने वाले आयोजनों के पूर्व शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।बैठक में श्री महाकालेश्वर मंदिर में होलिका दहन,होली एवं रंगपंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाने,शनिश्चरी अमावस्या के स्नान के पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राम घाट ,नरसिंह घाट,दत्त अखाड़ा घाट और त्रिवेणी घाट पर साफ सफाई,प्रकाश ,पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने,पार्किंग,यातायात व्यवस्था,श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए होमगार्ड के जवानों एवं तैराकों की पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में पंचक्रोशी यात्रा मार्ग का उन्नयन ,पानी की टंकियों की साफ सफाई एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना,यात्रा मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था,सभी पड़ाव पर अस्थाई अस्पताल , एम्बुलेंस, मलेरिया अधिकारी द्वारा मार्ग में छिड़काव,यात्रा मार्ग पर वन विभाग द्वारा मधुमक्खी के छत्ते हटाना,पेड़ो की छठाई और नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 16वी फाइनेंस कमीशन द्वारा उज्जैन भ्रमण के दौरान प्रोटोकॉल अनुसार सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।