कपिला गौशाला रत्नाखेड़ी में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन आयोजित हुआ मुख्यमंत्री डॉ यादव के राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन के कार्यक्रम में लाइव प्रसारण किया गया
उज्जैन- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार गौरक्षा वर्ष में गोवर्धन पर्व पर राज्य के प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। उज्जैन में रत्नाखेड़ी स्थित कपिला गौशाला में सुबह गोवर्धन पूजन का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोवर्धन पूजन कार्यक्रम के अवसर पर गौशाला में निर्मित विशाल गोवर्धन पर्वत की पूजा विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह द्वारा की गई। इसके पश्चात विधि विधान से भगवान गोवर्धन लाल का पूजन अर्चन किया गया। पूजन उपरांत चारा खिलाकर गौ सेवा भी की गई। उज्जैन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ यादव के राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में जिले के समाजसेवी, गौसेवक एवं गौशाला संचालक श्री प्रदीप जैन को उत्कृष्ठ गौ सेवा के लिए सम्मानित भी किया गया। गोवर्धन पूजन के अवसर पर गौशाला संचालक स्वामी श्री अच्युतानंद जी महाराज, जनप्रतिनिधि श्री विवेक जोशी, श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला, श्री संजय अग्रवाल, श्री हर्षवर्धन सिंह, पशुपालन विभाग से उपसंचालक श्री परमार, गौशाला के गौसेवक, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।