पुलिस आरक्षक की कार से टक्कर के बाद दूसरे पक्ष ने विवाद करते हुए जमकर पीटा, नागदा जंक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल
उज्जैन - नागदा में प्रधान आरक्षक कमल सिंह बघेल के साथ सड़क हादसे के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मी को घेरकर बेरहमी से उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस भी हरकत में आई और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार खारवा कला चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक कमल सिंह बघेल अपनी कार से नागदा की ओर जा रहे थे, तभी कोल्हू खेड़ी मार्ग पर सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से उनकी टक्कर हो गई। जिस वाहन से पुलिसकर्मी की टक्कर हुई उस गाड़ी में एक परिवार सवार था। हादसे के तुरंत बाद उन लोगों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौच करते हुए, मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां कई लोग एकत्रित हो गए और इन लोगों ने प्रधान आरक्षक की जमकर पिटाई की। विवाद करने वालों को देखकर तो लग रहा था कि न तो इन्हें पुलिस का कोई डर था और न ही इनमें इंसानियत। बहरहाल घटना में घायल जवान का इंदौर के निजी अस्पताल में ईलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। अभी दोनों पक्षों की ओर से एक्सीडेंट की एफआईआर दर्ज की गई है। लेकिन फरियादी पक्ष कमल द्वारा उपलब्ध करवाए गए वीडियो को देखते हुए मामले में मारपीट, बलवे की धाराओं का इजाफा किया गया है। घायल पुलिसकर्मी के चिकित्सकीय प्रमाणपत्र मिलते ही चोटों के विवरण अनुसार धाराओं में इजाफा किया जाएगा।