सराफा बाजार में हुआ मुहूर्त, सोना 81,500 के भाव रहा
उज्जैन | दीपावली के बाद सराफा बाजार में नए साल के कारोबार का शुक्रवार को मुहूर्त हुआ। सराफा, लखेरवाड़ी व पटनी बाजार में करीब 80 दुकानें हैं। इन दुकानों पर शुक्रवार की सुबह 7.30 विधि विधान से लाल कपड़ा बिछाकर पूजन किया गया। इस दिन सराफा बाजार में खरीदार होने से व्यापार भी ठीक रहा। सोना-चांदी के भाव में कोई बड़ा फेरबदल नहीं हुआ।
सराफा व्यापारी विजय श्राफ ने बताया सोना-चांदी का व्यापार जैसा तेजी से होना चाहिए, हो नहीं रहा। सोना-चांदी के इस समय उच्चतम भाव चल रहे हैं। इस बार धन लगाने वाले प्रॉपर्टी के साथ सोना-चांदी में यू-टर्न लेने लगे हैं। सालभर में चांदी में 35 प्रतिशत की तेजी, सोना में 20,000 प्रति 10 ग्राम की तेजी से धन लगाने वाले अब दोनों कीमती धातुओं को ही पसंद कर रहे हैं। शुक्रवार को सोना 24 कैरेट 81,500 प्रति 10 ग्राम और चांदी 97,500 प्रति किलो के भाव पर रही।