मुख्यमंत्री ने 11.43 करोड़ से निर्मित राजमाता विजयराजे सिंधिया बहुद्देशीय खेल परिसर का किया लोकार्पण, प्रदेशवासियों को दी स्थापना दिवस शुभकामनाएं
उज्जैन - भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में नव निर्मित बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर के शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ माहन यादव ने मध्यप्रदेश के 69वें स्थापना दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं। साथ ही ीपावली एवं गोवर्धन पूजा की भी शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेलों की दिशा में एक उल्लेखनीय प्रगति की है। विभिन्न अंतराष्ट्रीय खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने मेडल जीते हैं। खिलाड़ियों की डाइट, ट्रेनिंग, शिक्षा एवं खेलों में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास से नई खेल संस्कृति का उदय हुआ है। सीएम ने कहा कि खेलों से जीवन में परस्पर विश्वास, आत्मविश्वास और पुरुषार्थ जागृत होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ्य भारत का लक्ष्य बनाया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने नई शिक्षा नीति लागू कर स्पोर्ट्स को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। राज्य में अब स्पोर्ट्स टीचर्स व खिलाड़ियों के कोचेस को भी शिक्षकों के समान मौका दिया जाएगा।
खेल परिसर का लोकार्पण
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खेल परिसर का लोकार्पण करके किया। उन्होंने परिसर का भ्रमण कर मलखंभ एरिना में मलखंभ खेल का प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने परिसर के शूटिंग एरिना में शूटिंग का भी आनंद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस खिलाड़ी अनुज मिश्रा के साथ टेबल टेनिस खेला और बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथेलेटिक्स के खिलाड़ियों से चर्चाकर उनका हौसला बढ़ाया।
उज्जैन में खेलों का स्वर्णिम इतिहास
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन में जिम्नास्टिक, एथलेटिक, बास्केटबॉल, मलखंभ आदि खेलों का स्वर्णिम इतिहास रहा है। देश में आज मलखंभ खेल की बात आती है तो उसमें उज्जैन का नाम सर्व प्रथम आता है। उज्जैन में मलखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी भी संचालित की जा रही है। उक्त खेल परिसरों के साथ मुझे उम्मीद है कि इस खेल परिसर से मालवा क्षेत्र के युवा खिलाडी अपने खेल कौशल का पूर्ण क्षमता के साथ सदुपयोग कर अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेगें।
उज्जैन के लिए की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि भारत ने ओलंपिक खेलों में हॉकी में लगातार मेडल मिले हैं। राज्य के हॉकी खिलाड़ी विकास भी पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। सीएम ने हॉकी व ध्यानचंद स्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही उज्जैन में एस्ट्रो टर्फ युक्त स्टेडियम की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि क्षीरसागर स्टेडियम को भी शीघ्र ही बहुउद्देशीय परिसर बनाया जाएगा। इसके साथ जिले को सौगात देते हुए सीएम ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय के मैदान पर शीघ्र ही विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा।
ये है इनडोर स्टेडियम की खासियत
राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर लगभग 18 एकड़ भूमि में निर्मित है। इस खेल परिसर का निर्माण 11.43 करोड़ रुपए से हुआ है। नवनिर्मित खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एथलेटिक सिंथेटिक ट्रेक है तथा इसी परिसर में बहुउद्देशीय खेल परिसर है, जिसमें बेडमिंटन, टेबल टेनिस, मलखंभ एरिना, शूटिंग, फुटबॉल मैदान, लॉन टेनिस कोर्ट, खिलाड़ियों की सुविधा के लिए प्लेयर्स लॉबी आदि के साथ अत्याधुनिक जिम की स्थापना की गई है। आपको बता दें कि उज्जैन जिले में खेल विभाग का यह दूसरा वृहद खेल परिसर है। विभाग का पहला खेल परिसर महानंदानगर में बना हुआ है, जिसमें इनडोर-आउटडोर खेल की सुविधा व स्वीमिंगपूल उपलब्ध है।
ये अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, विधायक अनिल जैन, सतीश मालवीय, वरिष्ट भाजपा नेता सत्यनारायण जाटिया, विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, बहादुरसिंह बोरमुंडला, राजेंद्र भारती, रूप पमनानी, संभागायुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, कलेक्टर नीरज सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा आदि उपस्थित थे।