भारतीय ज्ञानपीठ के विद्यार्थियों से रूबरू हुई फेमिना मिस इंडिया निकिता पोरवाल
भारतीय ज्ञानपीठ के विद्यार्थियों से रूबरू हुई फेमिना मिस इंडिया निकिता पोरवाल
संस्थान की ओर से किया गया मिस इंडिया के अभिभावकों का सम्मान
भारतीय ज्ञानपीठ संस्थान में फेमिना मिस इंडिया 2024 निकिता पोरवाल का भव्य स्वागत किया गया। निकिता पोरवाल ने संस्थान के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञानपीठ संस्थान पिछले 60 वर्षों से विद्यार्थियों के लिए और विशेष रूप से छात्राओं के लिए एक विश्वसनीय शिक्षा केंद्र रहा है, जो अपने मूल्यों और उद्देश्यों के प्रति दृढ़ता से समर्पित है। उन्होंने कहा कि संस्थान की शिक्षा प्रणाली और परंपराएं उन्हें आरंभ से ही प्रभावित करती हैं। इसके बाद, उन्होंने छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अपनी यात्रा की चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा किया।
छात्राओं ने उनसे कई प्रेरणादायक प्रश्न पूछे, जैसे छोटे शहर उज्जैन से मिस इंडिया बनने तक का सफर, इस सफर में आई चुनौतियां, मिस इंडिया बनने के बाद जीवन में आए बदलाव, कॉलेज के दिनों के सपने और मॉडलिंग में रुचि जैसी बातों पर उनके विचार। निकिता ने बताया कि उज्जैन जैसे छोटे शहर से मिस इंडिया तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अपने सपनों को साकार किया। उन्होंने यह भी साझा किया कि छोटे शहर से होने के कारण उन्हें कुछ सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, परंतु उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुलश्रेष्ठ विशेष रूप से उपस्थित थी।
निकिता के माता-पिता का भी संस्थान की ओर से कार्यक्रम में सम्मान किया गया। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री नितिन गरुड़, संस्था प्रमुख श्री युधिष्ठिर कुलश्रेष्ठ और श्रीमती रजनी कुलश्रेष्ठ ने उन्हें सम्मानित किया और निकिता को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
स्वागत उद्बोधन भारती कॉलेज की प्राचार्य डॉ नीलम महाडिक ने दिया।
भारतीय कॉलेज की छात्राओं ने निकिता को समर्पित एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया।
अतिथि स्वागत श्रीमती रचना श्रीवास्तव, डॉ रश्मि शर्मा एवं श्रीमती मयूरी वैरागी ने किया
कार्यक्रम का संचालन अकादमिक डायरेक्टर डॉ. गिरीश पंडया ने किया।